पानी के कारण वाहनों के इंजन तक हो जाते हैं खराब
रुद्रपुर। शहरी क्षेत्र का ड्रेनेज सिस्टम फेल होने के कारण बरसात का मौसम शहर के निवासियों के अलावा यहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए भी मुसीबत बना हुआ है। शहर में काशीपुर बाईपास, अग्रसेन चौक, डीडी चौक पर जलभराव के दौरान गुजरने वाले वाहनों के तमाम परेशानियां सामने आती हैं। जलभराव में कार व बाइक आदि के साइलेंसर के डूबने से इसमें पानी घुस आता है। इससे वाहन बंद हो जाता है। बरसाती पानी के इंजन में भी घुसने का खतरा रहता है। इंजन में पानी घुसने से वाहन स्वामी को भारी नुकसान हो सकता है। खासकर कार के इलेक्टि्कल कंपोनेंट खराब होने से लाखों का भी नुकसान हो सकता है।
-
ड्रेनेज सिस्टम की सर्वे से आगे नहीं बढ़ी बात
वर्ष 2000 में नगर निगम में एक चीनी कंपनी ड्रेनेज सिस्टम को लेकर सर्वे कराया था। इसके बाद सीवर लाइन डालने के लिए 365 करोड़ रुपये खर्चा आ रहा था। लेकिन यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद सिंचाई विभाग की ओर से सीवर लाइन बिछाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रमोद दीक्षित ने बताया कि ड्रेनेज सिस्टम का सर्वे शुरू हो चुका है, करीब 200 दिनों में सर्वे पूरा कर लिया जाएगा।
जलभराव से आम जनता को काफी दिक्कतें हो रही हैं। पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव वाले स्थानों में वाहनों के निचले हिस्सों के डूबने से इंजन खराब हो रहे हैं। -संजय जुनेजा, नगर अध्यक्ष, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल।
काशीपुर बाईपास में जलभराव अधिक होने के कारण वाहनों का निचला हिस्सा डूबने लगता है। कई बार बरसाती पानी साइलेंसर में घुस जाता है, जिस कारण वाहन बंद हो जाता है। -राजीव जोशी, आवास विकास।
जलभराव वाले स्थानों में चाहे स्कूटी हो, बाइक हो या फिर कार हो, साइलेंसर में बरसाती पानी घुसने से समस्या होने लगती है। कई बार वाहनों के अधिक डूबने से इंजन भी खराब हो जाता है। -विक्की आहूजा, ईश्वर कॉलोनी।
जलभराव से जनता की ही वाहनों की भी सेहत बिगड़ रही है। बरसाती पानी के साइलेंसर में घुसने के बाद बंद पड़ी बाइक व कार आदि को पैदल या धक्का लगाकर ले जाना पड़ता है। -इंदरजीत सिंह, इंद्रा कालोनी।