गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पॉल के हाथों पदक हासिल करने वाले अधिकांश स्नातकों को कृषि का विकास नहीं होने का दर्द है। स्नातकों से हुई बातचीत में यह बात खुलकर सामने आई कि किसान और कृषि के संबंध में शासन स्तर पर बातें तो खूब हो रही हैं लेकिन धरातल पर काम अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं हो रहा है।
पौड़ी जिले के राथ क्षेत्र ग्राम गडोली पट्टी ढाई गिल्ली निवासी आशुतोष भट्ट ने बृहस्पतिवार को पंतनगर विवि के बीएससी एजी डिग्री प्रोग्राम में राज्यपाल से कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्राप्त किया। आशुतोष वर्तमान में पंतनगर विवि से सोयल साइंस में एमएससी कर रहे हैं। उनका कहना है कि विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य अवश्य निर्धारित करना चाहिए। हारजीत की चिंता न करें। संघर्ष करते रहें। वे सीडीएस और सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे हैं।
जनकपुरी दिल्ली निवासी अपर्णा गौतम को बीएससी एजी डिग्री प्रोग्राम में पंतनगर विवि से कुलपति स्वर्णपदक प्राप्त हुआ है। उन्हे डॉ.राम श्रोमणि तिवारी और चौधरी चरण सिंह इंटेलेक्चुअल एवार्ड भी मिले। अपर्णा मैनेज हैदराबाद से एमबीए एजी कर रही हैं। उनका कहना है कि देश का विकास कृषि के विकास से जुड़ा हुआ है।
रुड़की निवासी दिव्यांक्षी एरन को बीटेक इलेक्ट्रिकल डिग्री प्रोग्राम में पंतनगर विवि से कुलपति स्वर्णपदक मिला। वह आईआईटी रुड़की से एमटेक एएचईसी कर रही हैं। वह सौर ऊर्जा के क्षेत्र में काम करके कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान करना चाहती हैं।
हल्द्वानी निवासी डॉ. सुमित जोशी को बीवीएससी प्रोग्राम में कुलपति स्वर्णपदक मिला। वह बिंदुखत्ता में प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी पद पर कार्यरत हैं। उनके पास पशु नस्ल सुधार की कई योजनाएं हैं।
सौम्या पांडे ने बीएससी फिशरीज प्रोग्राम में कुलपति स्वर्ण पदक हासिल किया। वह सीआईएफई मुंबई से एमएससी कर रही हैं। उनका दर्द है कि मत्स्य विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं लेकिन भर्ती की प्रक्रिया नहीं चल रही है।
रुद्रपुर की मॉडल कालोनी निवासी गरिमा जैन को बीटेक बायोटेक में कुलपति स्वर्णपदक मिला। वह आईआईटी रुड़की से एमटेक कर रही हैं।
गदरपुर निवासी हेमंत गुप्ता को बीटेक प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडल मिला है। वे कैट की तैयारी कर रहे हैं।
रुड़की निवासी सनातन वत्स को बीटेक सिविल इंजीनियरिंग प्रोग्राम में कुलपति स्वर्णपदक दिया गया। वह उच्च शिक्षा क्षेत्र में जाने की तैयारी कर रहे हैं।
सहसपुर निवासी अदिति गुप्ता ने बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में कुलपति रजत पदक हासिल किया। वह गेट और आरईएस की तैयारी कर रही हैं। वह विद्युत क्षेत्र में जाकर कृषि समस्याओं का समाधान करना चाहती हैं।
पंतनगर निवासी सुकीर्ति को बीएससी फूड टेक्नोलॉजी डिग्री प्रोग्राम में राज्यपाल ने कुलपति रजत पदक मिला। पंतनगर विवि के संस्थापनाधिकारी डॉ.जीसी जोशी की पुत्री सुकीर्ति पीएयू लुधियाना से एमएससी फूड टेक कर रही है। वह विद्यार्थियों को कृषि से संबंधित क्षेत्रों में जाने की सलाह देती हैं।
लालपुर एवं पंतनगर निवासी डॉ. शुमाला तस्कीन ने बीवीएससी एंड एएच डिग्री प्रोग्राम में कुलपति रजत पदक हासिल किया। वह जूनियर रिसर्च फेलोशिप की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आईवीआरआई से एमवीएससी कर रही हैं। उनका कहना है कि पशुधन क्षेत्र में शोध कर देश में दुग्ध क्रांति लाई जा सकती है।
देहरादून निवासी आंचल अग्रवाल ने बीटेक इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन प्रोग्राम में कुलपति रजत पदक हासिल किया। वह टीसीएस में कार्यरत है।