श्री श्याम सत्संग मंडल व श्री श्याम युवा मित्र मंडल की ओर से क्षेत्र की पुरानी अनाज मंडी में मंगलवार रात संकीर्तन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव में अहमदाबाद से पहुंचे भजन गायक नंद किशोर शर्मा उर्फ नंदू ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रात नौ बजे सुरेंद्र मित्तल, अजय तिवारी और चंद्रकेश यादव ने किया। महोत्सव में रुद्रपुर, बिलासपुर, बाजपुर, सितारगंज, खटीमा, लालकुंआ, हल्द्वानी आदि जगहों से लोग पहुंचे। भजन गायक नंदू शर्मा ने श्याम मेरी झोली भर दे मैं तेरे दर पर आया, पलके ही पलकें बिछाई हैं, कीर्तन की है रात तुम आ जाओ गाकर समा बांधा।
बाद मेें खाटू से आये पप्पू शर्मा ने झोली भर ले भर ले, सियाराम का संकट हरने वाला कौन है वो तो हनुमान है से माहौल भक्तिमय बनाया। यमुनानगर हरियाणा से आई किशोरी माधवी शर्मा ने काली कमली वाले तेरी महिमा अपरमपार है गाकर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। वहां विधायक राजेश शुक्ला, गिरधारी लाल गोयल, ईश्वर जिंदल, खेमकरन अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, विजय पाल यादव, किशन गोयल, पवन गोयल, जयप्रकाश सिंघल, सियाराम गर्ग, दीपचंद अग्रवाल, सचिन जिंदल, पवन गोयल आदि थे।
अस्सी फुट लंबा और पैंतीस फुट ऊंचा बाबा श्याम का दरबार
किच्छा। श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए अस्सी फुट लंबा और पैंतीस फुट ऊंचा बाबा श्याम का दरबार बनाया गया था। महोत्सव में पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए यह दरबार आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। बता दें कि श्री श्याम युवा मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने करीब एक महीने पूर्व ही सारी व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू कर दी थी। ब्यूरो