रुद्रपुर। छतरपुर रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण समेत चार सूत्री मांगों के लिए ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरनाजारी है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया और उनकी मांगों को जायज बताया। उन्होंने संबंधित विभाग और शासन से प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
बृहस्पतिवार को धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि छतरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दिनेशपुर-मटकोटा मार्ग की संकरी सड़क और भारी वाहनों की तेज गति के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने छतरपुर रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर का निर्माण करने, स्टेशन पर यात्री गाड़ियों के ठहराव की व्यवस्था करने, दिनेशपुर-मटकोटा मार्ग का चौड़ीकरण करने, सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग उठाई। वहां ग्राम प्रधान जगदीप सिंह विर्क, आनंद सिंह असगोला, किशोर कुमार हाल्दार, भुवन शर्मा, विक्रम ज्याला, शैलेंद्र प्रताप सिंह, कन्हैया लाल आदि मौजूद रहे।