खटीमा के मोहम्मदपुर भूडिया गांव में खनन कार्य का विरोध करते ग्रामीण।
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। ग्रामसभा मोहम्मदपुर भूड़िया से लगी देवहा नदी से जेसीबी लगाकर निकाली जा रही खनन सामग्री का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को काम रुकवा दिया। उन्होंने जेसीबी और डंपर पकड़ लिए और कहा कि यहां की रेत से गांव को खतरा है। इधर, बुधवार शाम को ग्रामीणों ने खनन की शिकायत तहसीलदार से भी की थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि वह कई बार प्रशासन से अवैध खनन की शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बताया कि नौ मार्च से लगातार खनन जारी है। इसलिए बृहस्पतिवार को उन्होंने खुद ही खनन रुकवा दिया। वहीं, तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा था कि नदी से हो रहे अवैध खनन से बरसात में मुसीबत हो सकती है। साथ ही गांव के संपर्क मार्गों से दिन रात दौड़ने वाले डंपरों से विभिन्न प्रकार का पर्यावरण प्रदूषित होता है। ज्ञापन सौंपने एवं विरोध करने वालों में जिपं. सदस्य अरविंद कुमार, साधू सिंह नामधारी, ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह, प्रीति, धर्मेंद्र कुमार, बीडीसी जितेंद्र गौतम, राधे रमन सिंह, सूरजभान आदि थे।