राज्य स्थापना दिवस के दिन जिले की सबसे स्वच्छ ग्राम सभा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उसे स्वच्छता से संबंधित राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं में वरीयता भी दी जाएगी। इस तरह की शुरूआत कुमाऊं में पहली बार की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले की ग्राम सभाओं को स्वच्छ बनाने और लोगों में सरकारी संपत्ति के प्रति जागरूकता पैदा करना है। साथ ही स्वच्छता अभियान में ग्राम सभाओं की भागीदारी भी बढ़ाना है।
मुख्य विकास अधिकारी डा. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि इसके लिए जिले के सभी ग्राम प्रधानों को 20 अक्तूबर तक अपने-अपने ब्लॉक में आवेदन करना होगा। उसके बाद ब्लॉकवार बीडीओ और एसडीएम संबंधित ग्राम सभा का निरीक्षण कर 28 अक्तूबर तक इसकी रिपोर्ट जिले में भेजेंगे। जिला स्तर पर गठित कमेटी सात ब्लॉकों में से एक गांव का चयन स्वच्छ ग्राम पंचायत पुरस्कार के लिए करेगी।