एसडीएम ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जल संस्थान, बिजली और राजस्व विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम के साथ दो पेपर मिलों में छापा मारा। मिलों से डिस्चार्ज होने वाले पानी के नमूने लिए।
मंगलवार शाम एसडीएम पीएस राणा ने अधिकारियों की टीम के साथ रामनगर मार्ग पर स्थित बनवारी पेपर मिल और विश्वकर्मा पेपर मिल में छापा मारकर दोनों मिलों के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, बोरिंग, बिजली का निरीक्षण किया। दोनों मिलों से डिस्चार्ज पानी की जांच के लिए जल संस्थान और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों ने सैंपल लिए। बनवारी पेपर मिल के प्रबंधक जसवीर सिंह और विश्वकर्मा पेपर मिल के चार्टर अकाउंटेंट धर्मेंद्र सिंह से आवश्यक जानकारी हासिल की। एसडीएम राणा ने बताया कि किसानों से नहरों में मिलों से प्रदूषित पानी की शिकायतें मिली थीं। क्रास चेकिंग के लिए जल संस्थान और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिल से बाहर निकल रहे पानी के नमूने भरवाए गए हैं। नमूने फेल होने पर कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के असिस्टेंट इंजीनियर राकेश कंडारी, अमित कुमार, एसडीओ जल संस्थान शिशुपाल, जेई मुकेश, राजस्व विभाग के दिलशाद व अरुण बिजली विभाग के सुनील कुमार आदि थे। ब्यूरो
फोटो लाइन..13केएसपी 09पी-काशीपुर में छापे के दौरान पानी का सैंपल भरते कर्मचारी।