जसपुर। अहंकारी रावण का वध कर लौटे श्री राम का भरत से मिलाप देखकर दर्शक भाव विभोर हो गए। इस दौरान श्री राम के जयकारों के साथ पुष्प वर्षा की गई। वहीं, भरत मिलाप के बाद रामलीला का समापन कर दिया गया।
बृहस्पतिवार देर रात को रामलीला मैदान से राजगद्दी यात्रा शुरू की गई। पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल के रेडीमेड मार्केट स्थित पुराने आवास परिसर में राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन एवं विश्वामित्र का मिलाप किया गया। विश्वामित्र, भरत, शत्रुघन को देखकर भगवान राम, सीता, हनुमान भाव विभोर हो गए।
उन्होंने उन्हें गले लगाकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. सिंघल ने श्री राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन का तिलक कर स्वागत किया। दर्शकों ने पुष्प वर्षा कर जय श्री राम के नारे लगाए। श्री राम को भरत ने राजगद्दी सौंप दी। अध्यक्ष सनी पधान ने रामलीला के समापन होने की घोषणा की। मौके पर दलीप नंबरदार, नवीन अग्रवाल, शिव कुमार भारती, सुधीर अग्रवाल, यशपाल शर्मा, विमल नंबरदार, होरी सिंह, बंटी, विजेंद्र गहलोत, संजय राजपूत, अनिल नागर, नन्हें रोहेला, पंकज कुमार, उमेश कुमार, विक्की चंद्रा आदि मौजूद रहे।