काशीपुर। स्कूल में कहासुनी के चलते सहपाठियों ने एक छात्र को बंधक बनाकर उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। खबर लिखे जाने तक मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
कविनगर कॉलोनी निवासी प्रतीक कुंडेश्वरी रोड स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता है। बुधवार को दो छात्र स्कूल में एक छात्र की पीठ पर पैन से कुछ लिख रहे थे। इसको लेकर छात्रों के बीच कहासुनी हो गई। मामले में प्रतीक ने उनका बीच बचाव करा दिया। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे प्रतीक पटेल नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर से ट्यूशन पढ़कर लौट रहा था।
इस दौरान चीमा चौराहे पर कार सवार छात्रों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और कोचिंग सेंटर के पास ले गए। आरोप है कि उक्त छात्रों ने वहां प्रतीक की जमकर पीटाई की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। घायल छात्र को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस दी। हालांकि खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।