बैगुलडाम कालोनी जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आपातकालीन 108 सेवा से सीएचसी लाया गया। चिकित्साधिकारी ने दोनों घायलों को हल्द्वानी एसटीएच के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शुक्रवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे गुरुनानक नगरी गोठा के तीन युवक परमजीत सिंह (20) पुत्र प्रीतम सिंह, सोनू सिंह (25) पुत्र कृपाल सिंह और सुरेंद्र सिंह (35) पुत्र जीत सिंह बाइक (यूके06डी-7255) से बैगुलडाम जा रहे थे। रास्ते में अनुग्रह आश्रम के पास सितारगंज जा रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्साधिकारी डा. हर्ष सिंह ऐरी ने परमजीत को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने सोनू और सुरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
हादसे में युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की मां भजन कौर का रो-रोकर बुरा हाल है। परमजीत चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके पिता प्रीतम सिंह और अन्य भाई मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। हादसे की खबर पाकर पुलिस दुर्घटनास्थल पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। इसके बाद अस्पताल आकर हादसे की जानकारी ली। प्रभारी कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।