काशीपुर नगर निगम में धूल फांक रही रोड वेक्यूम स्वीपर मशीन।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। क्षेत्र की जर्जर सड़कों के चलते नगर निगम की ओर से चार साल पहले खरीदी गई लाखों की वैक्यूम स्वीपर मशीन निगम परिसर में धूल फांक रही है। मशीन को निगम ने सड़कों से धूल हटाने के लिए खरीदा था लेकिन यह उद्घाटन के बाद एक दिन भी नहीं चल पाई।
शहर की सड़कों को धूल से निजात दिलाने के लिए काशीपुर नगर निगम ने 17 अक्तूबर 2016 को 19 लाख 98 हजार रुपये की लागत से रोड वैक्यूम मशीन खरीदी थी। उस समय मशीन का उद्घाटन एमपी चौक पर मेयर ऊषा चौधरी ने किया था। चौक से रामनगर मार्ग तक सड़क की स्थिति ठीक भी है बावजूद इसके मशीन को इस मार्ग पर कभी इस्तेमाल नहीं किया गया। वैक्यूम स्वीपर मशीन सीमेंट की रोड और टाइल्स की रोड पर काम नहीं करती इसके इस्तेमाल के लिए सड़क का हॉटमिक्स होना जरूरी है। वर्तमान में शहर की सभी सड़कों की हालत इतनी खस्ता है कि यह मशीन इन सड़कों पर चल नहीं सकती। इस्तेमाल न होने के कारण मशीन को निगम सभागार के नीचे भूतल में रखा गया है। बरसात में भूतल में पानी भरने से मशीन के कई पूर्ज खराब भी हो गए हैं। जिसे बाद में निगम के रेन बसेरा परिसर में खुले में रखा गया है।
रोड वैक्यूम मशीन की सर्विस कराई जाएगी और इसे इस्तेमाल करने के लिए शहर की सड़कों को ठीक किया जाएगा। जिससे मशीन का पूरी तरह से इस्तेमाल किया जा सके।
-उषा चौधरी, मेयर काशीपुर नगर निगम