रुद्रपुर। जिले में तीन दिन बाद टीकाकरण शुरू होने से सभी केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने के लिए लोग उमड़ पड़े। कुल 19 हजार 724 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
जिले को कोरोना वैक्सीन की 30 हजार शीशियां उपलब्ध होने की सूचना पर मंगलवार सुबह से ही केंद्रों पर लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचने लगे। रुद्रपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बनाए टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने से पहले पंजीकरण के लिए लंबी लाइनें नजर आईं। केंद्र के बाहर तक लोग लाइन में लगे रहे।
इसके बाद टीका लगवाने के लिए भी लोगों में धक्का-मुक्की होती रही। 45 प्लस आयु वर्ग के 4,980 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इनमें 2956 ने पहली और 2024 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। इसी तरह 18 से 44 वर्ष उम्र तक के 14 हजार 744 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। तीन दिनों से जिले में वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण का कार्य बाधित था।
सिर्फ नाममात्र लोगों को ही वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा रही थी। कोरोना टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने कहा कि बुधवार को भी जिले में अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगवाने का प्रयास किया जाएगा। (संवाद)