खटीमा। मकर संक्रांति पर उत्तरायणी कौतिक लालकोठी मेला कमेटी की ओर से शारदा नहर के किनारे मेले का आयोजन किया गया। घाट पर सैकड़ों लोगों ने स्नान कर शिव मंदिर में पूजा अर्चना की। सैकड़ों युवाओं और बच्चों का यज्ञोपवीत व मुंडन संस्कार किया गया।
मेले के अवसर पर लालकोठी स्थित श्री बाली चंद मंदिर से रंगयात्रा निकाली गई। इसमें छोलिया नृत्य के साथ ही सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रंगयात्रा के मेला स्थल पहुंचने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि के रूप में राजपाल सिंह चौहान ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने सीएम की ओर से जनता को मकर संक्रांति की बधाई दी।
इस दौरान लोक कलाकारों व स्कूली बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। डीडीहाट की कमला छोरी... गीत पर कई लोग थिरकते हुए दिखे। वहां मेला कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र खोलिया, नवीन बोरा, शेर सिंह दिगारी, रमेश चंद्र जोशी, राम सिंह जेठी, मन्नू मेहर, बलबीर खोलिया, माया जोशी आदि थे।