उत्तराखंड व्हीलचेयर क्रिकेट के कप्तान व उपकप्तान को ट्रॉफी देते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के सिरसा में आयोजित टी-20 व्हीलचेयर क्रिकेट मैच प्रतियोगिता में बुधवार को उत्तराखंड की व्हीलचेयर क्रिकेट टीम ने हरियाणा को छह विकेट से हराया। शानदार प्रदर्शन पर उत्तराखंड के कप्तान राजेंद्र सिंह धामी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन हरियाणा की ओर से आयोजित टी-20 मैच में उत्तराखंड और हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट की टीम का पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ मैच खेला। सिरसा के बाबा तारा सिंह युवा स्पोर्ट्स क्लब बहावदीन मैदान में उत्तराखंड टीम के कप्तान राजेंद्र धामी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। हरियाणा टीम 15 ओवर में 93 रनों का स्कोर बनाकर ऑलआउट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरे उत्तराखंड टीम के उप कप्तान धन सिंह कोरंगा और बल्लेबाज दीपू राना ने पहले विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की। दीपू राना के आउट होने पर कप्तान राजेंद्र सिंह धामी बल्लेबाजी के लिए पहुंचे।
उन्होंने टीम के लिए सर्वाधिक 34 रन बनाए। उत्तराखंड टीम ने 14 ओवर में ही 94 रन बनाकर और छह विकेट से मैच जीत गई। डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसाइटी के प्रदेश सचिव हरीश चौधरी ने बताया कि उत्तराखंड की टीम में धनवीर, सुबोध कुमार, आशीष, प्रमोद, अजय, मनोज कुमार आदि खिलाड़ी थे।