काशीपुर। गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र काशीपुर की ओर से ग्राम कुल्हा में बुधवार को कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गन्ना विभाग के प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार ने नवघोषित सट्टा नीति के विषय में किसानों को जानकारी दी। साथ ही कहा कि शरदकालीन गन्ना बोआई का समय आ गया है। गन्ना किसान अपनी खेतों को तैयार कर लें।
उन्होंने कहा कि शरदकालीन गन्ना बोआई के लिए उत्तम बीज का उपयोग करें। सभी अपने खेत का निरीक्षण करें और जो भी बीमारी के लक्षण उसमें पाए जाएं, उसकी फोटो गन्ना शोध केंद्र के वैज्ञानिकों को प्रेषित करें। ताकि तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा किसानों को फसल में लगने वाली बीमारियों और रोकथाम के लिए दवाइयों की जानकारी दी। साथ ही गन्ना अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में 15023., 13235, 14201 जैसी उन्नतशील प्रजातियां हैं जिनको गन्ना कृषकों को प्रोत्साहित करना चाहिए। साथ ही गन्ने की प्रजाति 0238 के रेड रॉट की चपेट में आने से इसे लगाने से मना किया। वहां पर गन्ना अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक संजय कुमार, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।