वाहनों के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और टैक्स जैसी समस्याओं का अब समाधान ऑनलाइन होगा। इसके लिए परिवहन विभाग ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में अपना नया वर्जन वाहन 4.0 साफ्टवेयर को शुरू कर दिया है।
राजधानी देहरादून में शुरू होने के बाद अब इस सुविधा को कुमाऊं के ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले में भी शुरू कर दिया गया है। इससे अब आरटीओ के कार्य केंद्रीय सर्वर से जुड़ जाएंगे।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों के वाहन से संबंधित कार्य लंबित पड़े हैं वह अपने कार्य जल्द से जल्द स्थानीय ऑफिस में पहुंचकर उसे 10 सितंबर तक ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत पूरा करा सकते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों के कार्य लंबित रह जाएंगे तो फिर केंद्रीय सर्वर से जुड़ने के बाद उनके वाहनों के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, टैक्स, पंजीकरण में दिक्कत आ जाएगी। लिहाजा 10 सितंबर तक वाहन स्वामी अपने वाहनों के कार्य ऑनलाइन पूरे जरूर करवा लें।
उपसंभागीय परिवहन अधिकारी नंदकिशोर ने बताया कि अभी तक वाहन-1 वर्जन पर काम हो रहा था, लेकिन अब वाहन 4.0 आ गया है और इसी पर वाहनों रजिस्ट्रेशन समेत अन्य संबंधित कार्य होने हैं।
इसका मुख्य कारण केंद्रीय सर्वर से जुड़ना है। पूरे देश का एक ही सर्वर होगा और वाहनों के सभी कार्य ऑनलाइन होंगे। अभी यह व्यवस्था प्रथम चरण में राजधानी देहरादून में शुरू हुई है। दूसरे चरण में यह व्यवस्था ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हो रही है।