रुद्रपुर। होमगार्ड भर्ती के आवेदन प्रक्रिया के दौरान हंगामा हो गया है। फॉर्म जमा करने पहुंचे अभ्यर्थी ने कर्मचारियों पर अभद्रता, धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है। इसका एक वीडियो पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय में चल रही पुरुष होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती प्रक्रिया के अंतिम दिन शुक्रवार को खेड़ा कॉलोनी निवासी एक युवक ने वीडियो बनाकर कहा कि सुबह से ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए लाइन में लगा था। अभ्यर्थियों की भारी भीड़ और भीषण गर्मी के बीच व्यवस्थाएं चरमराई नजर आईं।
युवक का आरोप है कि भर्ती केंद्र पर न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था थी और न ही धूप से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। घंटों इंतजार के बाद जब उसकी बारी आई तो रिसीविंग नंबर में त्रुटि दर्ज हो गई।
युवक का कहना है कि जब उसने कर्मचारियों से रिसीविंग में हुई गलती सुधारने की बात कही तो कर्मचारी भड़क गए। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ धक्का-मुक्की की गई और उसका मोबाइल छीन लिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने उसके मोबाइल में मौजूद वीडियो फुटेज को डिलीट कर दिया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
इस मामले को लेकर युवक ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि मामले में युवक के लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।