फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: बाजपुर पीजी कॉलेज में नामांकन के बाद बवाल, पुलिस ने की लाठीचार्ज, छात्रा समेत तीन छात्र घायल

Sat, 26 Sep 2026 01:40 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
बाजपुर। पीजी कॉलेज में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान दो गुटों में उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से की गई लाठीचार्ज में एक छात्रा समेत तीन विद्यार्थी घायल हो गए।
विज्ञापन

पुलिस की ओर से एक अधिवक्ता और निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष को हिरासत में लिए जाने से गुस्साए छात्रों और वकीलों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। देर शाम पुलिस के समझाने और सभी को रिहा करने के बाद मामला शांत हुआ।
शुक्रवार को कॉलेज परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी। आरोप है कि नामांकन संपन्न होने के बाद दोपहर करीब तीन बजे दो छात्र गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया। हंगामे की सूचना मिलते ही एसएसआई जसविंदर सिंह और एसआई देवेंद्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

पुलिस ने कॉलेज के बाहर उग्र भीड़ को हटाने के लिए सड़क पर लाठियां फटकारीं। इस कार्रवाई की जद में आकर पूर्व कोषाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशी ध्रुव के प्रस्तावक विश्वजीत सिंह चौहान, छात्रा गुनगुन पवार और लोकेश घायल हो गए। पुलिस ने घायल विश्वजीत और लोकेश का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस कॉलेज गेट से निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा और अधिवक्ता रोशन पटेल समेत छह छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।

वकीलों और पुलिस में तीखी झड़प, बाद में रिहाई
साथी अधिवक्ता रोशन पटेल को पुलिस की ओर से कोतवाली में बैठाए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय अधिवक्ताओं में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में वकील कोतवाली पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान अधिवक्ताओं और एसएसआई के बीच तीखी झड़प भी हुई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कोतवाल नरेश चौहान ने मामले में हस्तक्षेप किया और वकीलों को शांत कराया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए अधिवक्ता रोशन पटेल और सभी छात्रों को बाद में छोड़ दिया जिसके बाद कोतवाली परिसर में जमा भीड़ और छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें