तराई भवन के बाहर 21 घंटों से चल रहा विद्यार्थियों का धरना कुलपति राजीव रौतेला से वार्ता के बाद खत्म हो गया। विद्यार्थियों ने कुलपति के सामने विवि प्रशासन के खिलाफ शिकायतें रखीं। कुलपति ने घायल छात्रों के इलाज का खर्च विवि की ओर से वहन करने के साथ ही आंदोलन करने वाले विद्यार्थियों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया। आंदोलन खत्म होने पर विवि के साथ ही जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।
पंत विवि के सैकड़ों विद्यार्थी बृहस्पतिवार की शाम करीब 4:30 बजे तराई भवन गेट पर धरने पर बैठ गए थे और कुलपति से वार्ता पर अड़े रहे। विवि के साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों के समझाने पर भी वे नहीं माने। शुक्रवार दोपहर पंतनगर एयरपोर्ट पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को विदा करने के बाद कुलपति राजीव रौतेला सीधे तराई भवन पहुंचे। उन्होंने गेट पर धरने पर बैठे विद्यार्थियों को गांधी हॉल में वार्ता के लिए बुलाया।
कुलपति ने विवि की गरिमा, शैक्षणिक गतिविधियों के साथ घायल छात्र अजय राज की स्थिति के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने समस्याएं रखते हुए आरोप लगाया कि विवि के अधिकारी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं। समस्या बताने पर उल्टा उनको डराया धमकाया जाता है। बीते मंगलवार को हादसे में दो छात्रों के घायल होने के बाद कार चालक के खिलाफ दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। विद्यार्थियों के विरोध के बाद हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घायल छात्रों के इलाज में हुआ खर्च और मुकदमे में पैरवी का खर्च विवि की ओर से वहन करने, कार स्वामी के खिलाफ कार्रवाई, ऐसी घटना की एफआईआर विवि की ओर से कराने, अस्पताल की ओर से निर्गत चिकित्सा प्रमाण पत्रों को छात्रों की उपस्थिति के लिए मान्य करने, स्वस्थ होने के बाद दोनों छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने की मांग की।
इसके साथ ही परीक्षा में उपस्थित होने के लिए 85 प्रतिशत की अनिवार्यता घटाकर 70 फीसदी करने, छात्रावासों के शौचालयों की मरम्मत, शोध छात्रों को बाइक रखने की अनुमति, पुस्तकालय और छात्रों के लिए सीसीएफ की सुविधा रात 10 बजे तक और छात्राओं को नौ बजे तक बाहर रहने, ईयर फोन रखने, विवि पार्क में जन्मदिन मनाने की अनुमति मिले।
छात्रों से संबंधित बनने वाले नियमों में छात्र प्रतिनिधियों को शामिल करने और आंदोलन में शामिल रहने वालेे विद्यार्थियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए। कुलपति रौतेला ने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से उठाए गए बिंदुओं पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। सड़क दुर्घटना की जांच के लिए गठित समिति दो दिन के भीतर रिपोर्ट देगी। एएसपी भी अपने स्तर पर सड़क दुर्घटना की जांच कर रहे हैं।
समय-समय पर वे विद्यार्थियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान करेंगे। शैक्षिक वातावरण को बढ़ावा देने के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर जहां बदलाव की जरूरत होगी, उस पर कार्यवाही की जाएगी। वहां सीडीओ आलोक पांडेय, एएसपी स्वतंत्र कुमार, एसडीएम युक्ता मिश्रा भी मौजूद रहे।