काशीपुर महादेव नगर के पास से उठती आग की लपटे।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। धरती से आग धधकने को लेकर लोगों के बीच कौतूहल बना हुआ है। मौके पर फायर ब्रिगेड के अधिकारी और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारी भी पहुंचे। पानी डालते ही आग तेज लपटों के साथ धधक रही है। चार घंटे की जद्दोजहद के बाद भी आग का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फायर संरक्षा और आईओसी की टीमें जांच में जुटी हैं।
खड़कपुर देवीपुरा में महादेव नहर के पास द्रोण विहार कॉलोनी है। इस नहर से करीब आठ मीटर की दूरी पर अडानी ग्रुप इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की गैस पाइपलाइन है। पास में ही तिलकराज वाधवा की जनरल मर्चेंट की दुकान है। शनिवार को दोपहर उनके बेटे कपिल वाधवा ने नहर के पास धुआं उठते देखा। उन्होंने इस बात की सूचना सोसायटी के वर्किंग मेंबर एनके गौड़ को दी। गौड़ की सूचना पर एएफएसओ गिरीश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने धुएं पर पानी का छिड़काव किया तो अचानक 20 से 25 फुट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में आकर फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर बालू और रेत डालकर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में आग फिर भी धधकती रही। इसके बाद आईजीएल से फायर के सीनियर इंजीनियर शुभम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लो एक्स्प्लोसिव लिमिट (एलईएल) में हाइड्रो कार्बन की मौजूदगी की संभावना जताई। हाइड्रो कार्बन मीटर से चेक करने पर 15 प्रतिशत से अधिक एलईएल होना पाया गया। उन्होंने आशंका जताई कि नहर से कुछ दूरी पर डाली गई गैस लाइन में लीकेज होने से गैस फ्लैम हो रही है। सूचना पर अदानी ग्रुप के सुपरवाइजर मो. शमी भी टीम के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने गैस पाइप लाइन में लीकेज होने की संभावना से साफ इनकार करते हुए बताया कि लाइन में गैस का प्रेशर होल्ड किया तो भी प्रेशर ड्रॉप नहीं हुआ। शमी ने बताया कि लाइन में अगर थोड़ी सी भी लीकेज होती तो प्रेशर ड्रॉप हो जाता। उन्होंने आग भड़कने का कारण नहर में कोई रासायनिक क्रिया होना बताया। कहा कि वहां विद्युत लाइन की अर्थिंग के कारण भी ऐसा हो सकता है। लीकेज चेक करने के लिए फिलहाल खुदाई की जा रही है। इसे लेकर कॉलोनी में उत्सुकता बनी हुई है।
घंटों बाद भी पता नहीं चल पाया कि कैसे लगी आग
काशीपुर। गैस पाइप लाइन से कुछ दूरी पर महादेव नहर के पास आग लगने की वजह घंटों माथापच्ची करने के बाद भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। अदानी ग्रुप के ऑपरेशन मैनेजर नीरज झा का कहना है कि कॉलोनी के मेन गेट पर प्लग लगाकर गैस लाइन के कुछ हिस्से को अलग कर दिया गया है। कॉलोनी में गैस की सप्लाई चालू कर दी गई है। रविवार को उनकी टीम एक बार फिर मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करेगी। उधर, एएफएसओ गिरीश सिंह बिष्ट ने बताया कि गैस पाइप लाइन बंद करने से कुछ समय के लिए आग रुक गई थी। लाइन पुन: चार्ज करने पर आग फिर से भड़कने लगी है। ऐसे में आग भड़कने का कारण गैस का लीक होना भी हो सकता है। फिलहाल, दमकल कर्मी मौके पर तैनात हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।