काशीपुर। काशीपुर से मुरादाबाद जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। आसपास के लोगों ने बमुश्किल यात्रियों को बाहर निकला। हादसे में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि चार अन्य को मामूली चोटें आईं। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार सुबह करीब 9:15 बजे एक निजी बस सवारियों को भरकर काशीपुर से मुरादाबाद जा रही थी। मुरादाबाद रोड स्थित वीडियोकॉन फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर नाले में गिर गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। सूचना पर पहुंचे कुंडा थाना पुलिस और आसपास के लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला।
हादसे में मोहल्ला कचनालगाली निवासी अंकुश कुमार (22) पुत्र उमेश कुमार, नितेश (25) पुत्र बलजीत सिंह को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा चार लोगों को मामूली चोटें आईं। बाद में पुलिस ने जेसीबी की मदद से बस को नाले से बाहर निकाला। घटना के बाद से मुरादाबाद निवासी बस चालक मौके से फरार हो गया। कुंडा थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि बस के आगे जानवर आ जाने से बस अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई थी। घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।