रुद्रपुर। भीषण गर्मी और उमस के बीच रुद्रपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। शनिवार रात गंगापुर, जयनगर और छतरपुर जैसे इलाकों में करीब तीन घंटे तक बिजली गुल रही जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बीते शनिवार की रात जिला मुख्यालय के गंगापुर और जयनगर, छतरपुर क्षेत्र के लोगों को तीन घंटे बगैर बिजली के काटने पड़े। इन इलाकों में शाम करीब सात बजे बिजली गुल हो गई थी। लोग बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते रहे लेकिन तीन घंटे तक बिजली बहाल नहीं हुई। जिन उपभोक्ताओं के पास ऊर्जा के वैकल्पिक साधन थे उन्हें किसी तरह पंखे की हवा नसीब हो गई लेकिन जिन परिवारों के पास इन्वर्टर की सुविधा नहीं थी उन्हें भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
रात करीब 10:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तब तक लोग पसीना-पसीना हो गए थे। अघोषित कटौती को लेकर लोगों में ऊर्जा निगम के खिलाफ रोष है।
अघोषित कटौती उपभोक्ताओं के साथ अन्याय
- जयनगर में दिन में भी कई घंटे बिजली नहीं रहती है। रात में बिजली न देना उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। - प्रियंका मेहरा, जयनगर
- शनिवार की रात को तीन घंटे की अघोषित बिजली कटौती से इलाके के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। - राजू बिष्ट, जयनगर
- पहले तो दिन में बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए लेकिन रात में बिजली कटौती से बच्चे बुजुर्ग भी परेशान हो जाते हैं। कुंदन भंडारी, न्यू डिवाइन सिटी
- लगातार हो रही बिजली कटौती से व्यापारियों के साथ ही आम जनता को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यही स्थिति रही तो इसके खिलाफ उपभोक्ता फोरम और विद्युत नियामक बोर्ड में वाद दायर किया जाएगा। - मनोज धानिक, न्यू डिवाइन सिटी
- रात में बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। विभाग की ओर से गर्मी के सीजन में पर्याप्त बिजली सप्लाई करने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। - लीला देवी, दुर्गा स्टेट निवासी
-कोट:
स्थानीय स्तर से बिजली नहीं काटी गई थी। बिजली की मांग बढ़ने पर स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) से गंगापुर और छतरपुर क्षेत्र की बिजली काटी गई थी। एसएलडीसी जरूरत के हिसाब से बिजली कटौती करता है। - राजीव चक्रवर्ती, ईई, ऊर्जा निगम, रुद्रपुर
परशुराम चौक पर खुलीं तार से करंट, खतरे से गुजर रहे लोग
रुद्रपुर। शहर के भगवान परशुराम चौक पर खुले और जर्जर बिजली के तार से निकल रहा करंट लोगों के लिए खतरे का सबब बन रहा है। लोगों का कहना है कि इन खुले तारों की वजह से करंट लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं जिससे लोग अब इस रास्ते से गुजरने में भी डरने लगे हैं।
रविवार को एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें बताया जा रहा है कि एक राहगीर का पैर गीले तारों के संपर्क में आ गया और उसे करंट का झटका लगा जिससे वह वह दूर जा गिरा। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार प्रशासन से की जा चुकी है लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। उनका कहना है कि इस व्यस्त स्थान पर जल्द तारों को ठीक नहीं किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में किसी भी अनहोनी की जिम्मेदारी सीधे तौर पर संबंधित विभाग की होगी। संवाद
अघोषित कटौती से आक्रोशित जनप्रतिनिधियों ने घेरा बिजली घर
- एईई को ज्ञापन देकर कटौती बंद करने की मांग की
जसपुर। अघोषित विद्युत कटौती से परेशान उपभोक्ताओं का आक्रोश कम नहीं हो रहा है। उन्होंने जिपं सदस्य के नेतृत्व में फिर से बिजलीघर का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान एई को ज्ञापन देकर कटौती बंद करने की मांग की।
जिपं सदस्य नईम अहमद के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने बिजली घर पर नारेबाजी की। उन्होंने क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर नाराजगी जताई और इसका विरोध किया।
उन्होंने कहा कि आए दिन अघोषित बिजली कटौती और इसका कोई समय निर्धारित नहीं होने से उपभोक्ता परेशान हैं। शाम को खाना बनाते समय और बच्चों की पढ़ाई के समय अक्सर लाइट गुल हो जाती है। उन्होंने चेताया कि यदि व्यवस्था सही नहीं की तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर राजेंद्र बिट्टू, धर्मपाल, आफताब सैफी, निजामुद्दीन, शाकिब चैधरी, सईद अहमद, फईम अहमद, शाहरूख अली आदि मौजूद थे।
पंतनगर में चार घरों में बिजली चोरी पकड़ी, प्राथमिकी दज
रुद्रपुर। ऊर्जा निगम की सतर्कता टीम ने चेकिंग अभियान में चार परिसर से बिजली चोरी पकड़ी है। पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल को अवर अभियंता प्रदीप सिंह खाती के नेतृत्व में टीम ने शांतिपुरी नंबर तीन और चार क्षेत्र में छापा मारकर अवैध केबिल जब्त की। सीओ पंतनगर डीआर वर्मा ने बताया कि अवर अभियंता की शिकायत पर बालम सिंह, पार्वती कार्की, जगदीश सिंह और दीवान सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद