रुद्रपुर। जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट के स्वास्थ्य अवकाश पर रहने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड व्यवस्था ठप हो गई है। अल्ट्रासाउंड कराने दूर-दराज से पहुंचे मरीजों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। शुक्रवार से अल्ट्रासाउंड व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
बुधवार को जिला अस्पताल का अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद पड़ा था। दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल पहुंचे मरीज आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करते फिर रहे थे। बाद में दरवाजे पर लॉक लगा देख वापस लौट गए। कक्ष के बाहर कोई भी कर्मी जानकारी देने के लिए मौजूद नहीं था।
विज्ञापन
दिनेशपुर के कालीनगर से पहुंची रेखा देवी ने बताया कि वह काफी देर तक इंतजार कर रहीं। अल्ट्रासाउंड कक्ष के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। भदईपुरा निवासी राम स्वरूप भी अल्ट्रासाउंड के विषय में पूछताछ करते दिखे। कई अन्य मरीज भी दरवाजा बंद देखकर लौट गए।
जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट डाॅ. अखिलेश की आंखों में दिक्कत है। वह दो दिन के स्वास्थ्य अवकाश पर हैं। शुक्रवार से अल्ट्रासाउंड व्यवस्था सुचारु हो जाएगी। संवाद