रेत से भरे एक तेज रफ्तार दस टायरा ट्रक ने सोमवार देर रात ड्यूटी के दौरान कोतवाली से घर लौट रहे सिपाही को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया। मंगलवार को सड़क दुर्घटना में मारे गए सिपाही को रुद्रपुर पुलिस लाइन से पहुंची गारद के साथ पुलिस अधिकारियों ने सलामी दी। साथियों ने अश्रुपूरित नेत्रों से अंतिम विदाई दी।
कोतवाली में कांस्टेबिल हरेंद्र सिंह द्वारा दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार की रात लगभग 11 बजे बांसफोड़ान चौकी में तैनात सिपाही पंकज राठी पुत्र सुखराम पाल निवासी ग्राम बूढ़ापुर जट थाना मंगलौर (हरिद्वार) एमपी चौक पर पैदल गश्त पर था। तभी मुख्य चौराहे से लगभग सौ मीटर दूर स्टेशन रोड पर पीछे से रेत से भरा एक तेज रफ्तार दस टायरा ट्रक आ गया। उसने पंत पार्क के पास सिपाही को कुचल दिया। फिर उसे लगभग 20 फीट तक घसीट कर ले गया। जिससे सिर को छोड़ कर आधा शरीर टायरों से पिस गया। सूचना मिलते ही कोतवाल वीके जेठा, एसएसआई अरुण कुमार, टांडा चौकी प्रभारी अशोक कुमार, बांसफोड़ान चौकी प्रभारी मनोहर सिंह दसौनी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से लगभग सौ मीटर दूर चालक शाहिद पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम अटसैनी गढ़मुक्तेश्वर को ट्रक संख्या यूपी 15 एटी/5847 के साथ पकड़ लिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव कोतवाली में रखा गया। सलामी गारद ने शस्त्र झुका कर सलामी दी। एएसपी देवेंद्र पिंचा ने पुलिस विभाग की ओर से शव पर पुष्प चक्र शव चढ़ाया।
इसके अलावा कोतवाल वीके जेठा, एसएसआई अरुण कुमार, एसओ कुंडा रमेश तनवार, एसओ आईटीआई हरेंद्र चौधरी, एसओ केलाखेड़ा धीरेंद्र कुमार, कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी अरुण सैनी, बांसफोड़ान चौकी प्रभारी मनोहर सिंह धसौनी, कटोराताल चौकी प्रभारी देवेंद्र बिष्ट, टांडा चौकी प्रभारी अशोक कुमार, सभी जवानों और नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव सेतिया, पार्षद सर्वेश बाली ने भी शव पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।