रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तीन मांगों पर चल रहा छात्रसंघ का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार शाम को समाप्त हो गया। छात्रसंघ के आंदोलन के बाद कॉलेज प्रशासन स्तर पर दो मांगों का समाधान होने पर छात्रों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। वहीं, छात्राओं के लिए बने गर्ल्स हॉस्टल को शुरू कराने की मांग अभी लंबित है। इसको लेकर मंडी समिति ने आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है।
छात्रसंघ पदाधिकारियों के मुताबिक, आंदोलन के दौरान एनसीसी ऑब्स्टेकल निर्माण और आईटी लैब से संबंधित दोनों मांगों पर कार्रवाई पूरी कर दी गई है। छात्रों ने इसे अपने आंदोलन की पहली बड़ी सफलता बताया। उनका कहना है कि छात्र हित में उठाई गई आवाज के बाद संबंधित अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाया है। सबसे महत्वपूर्ण मांग गर्ल्स हॉस्टल के संचालन को लेकर बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल भवन तैयार होने के बावजूद कुछ आवश्यक सामान और व्यवस्थाएं पूरी नहीं होने के कारण छात्राओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बुधवार को छात्र प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में मंडी समिति ने शेष व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। छात्र नेताओं ने कहा कि छात्र हित सर्वोपरि है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवाज उठाई जाएगी।