शहर में डेंगू बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। डेंगू बुखार की चपेट में दमकल विभाग के दो कांस्टेबल भी आ गए हैं। जिला अस्पताल में स्थित 2 डेंगू वार्डों में 9 मरीज भर्ती हैं और उनका कार्ड टेस्ट पॉजीटिव निकला है।
शहर में करीब डेढ़ महीने से डेंगू फैला हुआ है।
कुछ रोज पहले डेंगू बुखार के रोगियों की तादाद घट गई थी। लेकिन रविवार से रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। डेंगू बुखार की चपेट में दमकल विभाग में तैनात कांस्टेबल अमरनाथ (42) और चंदन सिंह (48) भी आ गए हैं। हालत बिगड़ने पर दोनों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं दो डेंगू वार्डों में भर्ती झाझन लाल (55) रम्पुरा, सुखविंदर सिंह (30) भदईपुरा, आजिद हुसैन (45) खेड़ा, योगेंद्र सिंह (40) रविंद्रनगर, सुमन (़18) दूधियानगर, परवीन (30) और सरीफन (38) निवासी खेड़ा उपचार करा रहे हैं।
फिजीशियन डॉ. एमके तिवारी ने बताया कि डेेंगू नियंत्रण में है। रोजाना डेंगू बुखार के 4 मरीज उनके पास आ रहे हैं। एक सप्ताह पहले ये संख्या 7 से 8 तक थी। जो मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, उनका कार्ड टेस्ट पॉजीटिव है। लेकिन कोई मरीज घातक स्थिति में नहीं है। अनुमान है कि दीपावली तक डेंगू का प्रकोप रहेगा।