बाजपुर/केलाखेड़ा। केलाखेड़ा थाना के तहत एक गांव निवासी युवती और बाजपुर कोतवाली के एक गांव निवासी युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन युवक और युवती के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। एक महीने के अंतराल में बातचीत का दौर भी चला। इस पर दोनों पक्षों शादी के लिए मान गए। नौ फरवरी को लड़के पक्ष बरात लेकर आने की तिथि तय हो गई।
सोमवार को तय तारीख पर लड़के पक्ष की ओर से बरात नहीं लाने की सूचना लड़की पक्ष को मिली। समाज के लोग घर पर जमा हो गए। मोबाइल पर भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे के परिचितों से बातचीत की। कोई हल नहीं निकलने पर लड़की पक्ष के लोग बेरिया दौलत पुलिस चौकी पहुंच गए। लड़की पक्ष के लोग चौकी परिसर में दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए।
पुलिस भी हरकत में आ गई। चौकी में लड़के पक्ष को बुलाया गया। काफी जद्दोजहद के बाद समाज सेवियों और पंचायत प्रतिनिधियों की मध्यस्थता से कोर्ट मैरिज कराने पर दोनों पक्ष मान गए।
ग्राम प्रधान विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी की तरफ से कोई सुनवाई नहीं की गई। दस फरवरी को कोर्ट मैरिज कराने पर सहमति बनी है। फिलहाल युवती को युवक के साथ भेजा गया है। पुलिस चौकी प्रभारी नरेश सिंह मेहरा के अनुसार चौकी में लड़की के पक्ष की ओर से 112 शिकायत दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद लड़की पक्ष के लोग चौकी पहुंच गए। दोनों पक्षों में आपस में समझौता हो गया है। यहां ग्राम प्रधान विनोद सिंह, बीडीसी सदस्य गुरविंदर सिंह, विक्रम सिंह, हरजीत सिंह काकू आदि मौजूद थे।