काशीपुर। बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने एक युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं, दूसरे युवक के परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।
हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे अलीगंज रोड स्थित बांसखेड़ा के पास हुआ। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार ग्राम पैगा निवासी गजेंद्र सिंह (26) पुत्र रामभरोसे और ग्राम गिन्नीखेड़ा निवासी संजीव (23) पुत्र बनवारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखचे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने गजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजीव को मुरादाबाद रेफर कर दिया। मुरादाबाद पहुंचने से पहले ही संजीव की भी मौत हो गई।
सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मृतक गजेंद्र का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गजेंद्र के परिजनों को सौंप दिया। दूसरे मृतक संजीव के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। संजीव अविवाहित था।
मृतक के पिता दिव्यांग है। वह मजदूरी कर गुजर-बसर करता था। मृतक संजीव दो बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद से दोनों मृतकों के घर कोहराम मचा हुआ है।
मासूम शौर्य और गर्भवती पत्नी को बिलखता छोड़ गया गजेंद्र
काशीपुर। हादसे में जान गंवाने वाला गजेंद्र सिंह अलीगंज रोड पर सर्विस स्टेशन चलाता था। वर्ष 2016 में टांडा उज्जैन निवासी विशेष कुमार की पुत्री भावना से उसकी शादी हुई थी। गजेंद्र का तीन वर्ष का पुत्र शौर्य है। वर्तमान में उसकी पत्नी गर्भवती से है।
परिवार में माता प्रर्मिला, पिता रामभरोसे के अलावा दो बहने वर्षा, मनु और छोटा भाई जितेंद्र है। एक दिन पूर्व ही उसकी पत्नी होली मनाने के लिए अपने मायके टांडा उज्जैन गई थी। सोमवार शाम को गजेंद्र पत्नी को वापस लाने के लिए बाइक से ससुराल जा रहा था। (संवाद)
मृतक गजेंद्र का फाइल फोटो- फोटो : KASHIPUR