केलाखेड़ा। दो दिन से हो रही तेज बारिश और आंधी के चलते एक ईट भट्ठे के स्टॉक गोदाम की दीवार अचानक कच्चे मकानों पर गिर गई। इससे कच्चे मकान में सो रहे दो ठेकेदारों की मौत हो गई जबकि दो मजदूर बाल-बाल बच गए। सूचना पर एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे आंधी और बारिश के चलते राज्य सीमा पर स्थित गांव रम्पुरा काजी में न्यू सकलानी ईंट भट्ठे के स्टॉक गोदाम की दीवार अचानक धराशायी होकर मजदूरों के कच्चे मकानों पर गिर गई। कच्चे मकान में सो रहे ठेेकेदार शंकर (28) निवासी मोहल्ला संजय नगर खेड़ा रुद्रपुर और उसका साथी मुकेश (40) निवासी मोहल्ला जगतपुरा वार्ड नंबर 6 रुद्रपुर की दबकर मौत हो गई।
आनन-फानन में भट्ठे के मजदूरों ने मलबा हटाकर बमुश्किल शंकर और मुकेश के शवों को बाहर निकाला। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर एसडीएम विवेक प्रकाश, सीओ वंदना वर्मा, तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट, थाना प्रभारी भुवन चंद्र जोशी और राजस्व उपनिरीक्षक अजय शर्मा ने मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कच्चे मकान में मृतकों के साथ मजदूर वीर सिंह और उदल भी सोए थे लेकिन सुबह होने पर वीर सिंह और उदल शौच करने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान हादसा हो गया। मलबेे में एक बाइक भी दबी मिली। उपराजस्व निरीक्षक अजय शर्मा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तहसीलदार को सौंप दी गई है।
दो परिवारों पर टूटा मुसीबतों का पहाड़
बाजपुर। दीवार गिरने से दबकर हुई दो लोगों की मौत से दो परिवारोें पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताते हैं कि रुद्रपुर निवासी शंकर और मुकेश ने ईंट भट्ठे पर मजदूरों से काम कराने का ठेका लिया था। मजदूरों के साथ वे खुद भी कार्य करते थे।
खबर मिलते ही मृतक शंकर की पत्नी नन्ही देवी और मृतक मुकेश की पत्नी ज्ञानवती देवी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं। शवों को देखते ही दोनों की पत्नियां बेसुध हो गईं। परिजनों ने बताया कि मृतक शंकर के दो बच्चे शिवम (5) व आयुष (डेढ़ वर्ष) और मृतक मुकेश के तीन बच्चे में शिवा (15), विशाल (13) और सुमित (7) हैं। (संवाद)