रुद्रपुर। राज्य में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में जल्द मल्टीपरपज हॉल की नींव पड़ने वाली है। खेल निदेशालय की ओर से पेयजल निर्माण इकाई स्पोर्ट्स को दो करोड़ रुपये जारी हो गए हैं।
गोवा सरकार की ओर से 36वें राष्ट्रीय खेल कराने से हाथ खड़े कर दिए गए हैं। अब गुजरात सरकार की ओर से सितंबर या अक्तूबर में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ को 37वें राष्ट्रीय खेल आयोजित करने की मेजबानी मिली है। राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर नैनीताल, यूएस नगर, देहरादून व हरिद्वार जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होना है।
कोरोना संक्रमण के चलते न तो इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो सका और न ही राष्ट्रीय खेल का आयोजन हो सका। इसके चलते मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में 27 करोड़ की लागत से बनने वाले मल्टीपरपज हॉल का भी निर्माण कार्य रुका हुआ था। अब खेल निदेशालय की ओर से पेयजल निर्माण इकाई स्पोर्ट्स को मल्टीपरपज हॉल के निर्माण कार्य शुरू करने के लिए दो करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। खेल निदेशक जीएस रावत ने कहा कि मल्टीपरपज हॉल बनने के लिए पहली किस्त निर्माण इकाई को जारी कर दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
मल्टीपरपज हॉल में यह खेल हो सकेंगे आयोजित
रुद्रपुर। मल्टीपरपज हॉल में हैंडबाल, वॉलीबाल व तलवारबाजी जैसे राष्ट्रीय खेल हो सकेंगे। हॉल में खिलाड़ियों के लिए दो हॉस्टल, जिम, कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा। खेल प्रेमियों की सहूलियत के लिए पवेलियन भी बनाया जाएगा। संवाद