कोसी नदी खनन क्षेत्र में आग से दो झोपड़ी जलकर राख हो गईं। इस दौरान झोपड़ी में सो रही सात वर्षीय बच्ची की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार रात 12 बजे कोसी नदी स्थित जसवंत सिंह खनन घाट में अचानक झोपड़ियों में आग लग गई। आग लगने से गांव मिलक नौखरीद (रामपुर) यूपी निवासी अब्दुल वहीद की झोपड़ी में रखी ढाई हजार रुपए की नगदी, घरेलू सामान, पड़ोसी इरफान निवासी यूपी के गांव बोरुआ शाहबाद (रामपुर) यूपी की झोपड़ी में रखी पांच हजार रुपए की नगदी, घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पता लगने पर झोपड़ी से सभी लोग बाहर निकल आए, लेकिन इरफान की सात वर्षीय पुत्री खेरुल झोपड़ी में सोती रह गई। आनन-फानन में उसे निकाला गया तब तक वह बुरी तरह से झुलस गई थी, जिसने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। इधर खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों परिवार कोसी नदी खनन क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। मृतक की दो बहन और एक भाई है। आग लगने पर अब्दुल की पत्नी नसीम जहां ने धुंआ देखकर शोर मचाया था। जिस पर परिजन जाग उठे। चौकी प्रभारी अजेंद्र प्रसाद सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।