दिनेशपुर। पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों ने एक ज्वेलर पर असलहों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने कई राउंड फायर किए। हमले में ज्वेलर तो बाल-बाल बच गया, मगर हमलावरों के असलहे से निकले छर्रे से दो बालक घायल हो गए, जिन्हें हल्द्वानी एसटीएच भेजा गया है। ज्वेलर की तहरीर पर पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कुलवंत नगर गदरपुर निवासी नितेश गगनेजा ने मंगलवार को दिनेशपुर थाना पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि गदरपुर निवासी वीरेंद्र भुड्डी, राजीव सुखीजा, भूरारानी निवासी मनोज जड़वानी से उनकी पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक रंजिश है। 27 मार्च की रात नौ बजे तीनों ने उसे फोन पर गदरपुर आने की बात कही लेकिन उसने गदरपुर जाने से मना कर दिया। नितेश का आरोप है कि जब वह अपनी कार से जाफरपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था तो रात करीब एक बजे वीरेंद्र, राजीव, मनोज उसका पीछा करते हुए जाफरपुर पहुंच गए और जाफरपुर हाइवे पर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास तीनों ने उसे घेर लिया।
जब उसने तीनों से उसका रास्ता रोकने का कारण पूछा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से बचने के लिए वह पास के ही एक मकान में घुस गया। इससे उसकी जान बच गई। इसी बीच फायरिंग की आवाज सुनकर कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। ग्रामीणों को डराने के लिए जब हमलावरों ने दोबारा फायरिंग की तो उनकी बंदूक से निकले छर्रे पेट्रोल पंप में अपने दादा कविराज के साथ सो रहे संपतपुर निवासी 17 वर्षीय विपुल, 13 वर्षीय अतुल को लग गए। इससे वह दोनों घायल हो गए।
इसी दौरान ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गये और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी एसटीएच रेफर कर दिया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने नितेश गगनेजा की तहरीर के आधार पर हमला करने वाले वीरेंद्र भुड्डी, राजीव सुखीजा, मनोज के खिलाफ धारा 307, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ के लिए क्षेत्र में दबिश देनी शुरू कर दी है।
दिनेशपुर। सोमवार देर रात जाफरपुर में हुई फायरिंग की घटना को चुनावी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार कुलवंत नगर निवासी नितेश की रुद्रपुर में ज्वेलर की दुकान है। वह भाजपा का कार्यकर्ता भी है। वीरेंद्र भुड्डी ने 2012 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अरविंद पांडे का समर्थन किया था। मगर इस बार के चुनाव में वीरेंद्र ने बसपा प्रत्याशी का समर्थन किया।
बताया जाता है कि इस बात को लेकर दोनों में रंजिश हो गई। पिछले दिनों मंत्री बनने के बाद जब अरविंद पांडे क्षेत्र में पहुंचे तो पुराने संबंधों के नाते वीरेंद्र ने अपने सीड प्लांट पर मंत्री का स्वागत समारोह और जलपान का कार्यक्रम रख दिया। नितेश ने आयोजन स्थल पर आपत्ति जताई तो कार्यक्रम रद्द हो गया। इसके कुछ समय बाद ही वीरेंद्र, नितेश की सोशल मीडिया पर भी कहासुनी हुई जो सोमवार रात गोलियों के घमासान में बदल गई।
दिनेशपुर। सोमवार रात जाफरपुर में दो गुटों के बीच हुई फायरिंग से घायल बच्चों के मामले में एक पक्ष ने पुलिस को तहरीर सौंपी। इसके आधार पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया लेकिन घटना में घायल बच्चों के परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं सौंपी।
बताया जा रहा है कि घटना से जुड़े एक पक्ष ने घायल बच्चों के परिजनों से सोमवार रात ही समझौता कर लिया था। इसके चलते न ही उन्होंने पुलिस को कुछ बताया और न ही तहरीर सौंपी लेकिन पुलिस को इस बात की जानकारी नहीं है कि किस पक्ष ने घायलों के परिजनों से समझौता किया था।
दिनेशपुर। जाफरपुर में सोमवार रात हुए फायरिंग के मामले में दो और लोगों के शामिल होने की बात भी कही जा रही है। मंगलवार को कोतवाली पहुंचे राजीव सुखीजा के परिजनों ने एएसपी मंजूनाथ टीसी को बताया कि फायरिंग राजीव सुखीजा द्वारा नहीं की गई थी। बल्कि नितेश के कहने पर रुद्रपुर के ही दो अन्य लोगों ने फायरिंग कर उनके ऊपर जानलेवा हमला किया था। इस पर मंजूनाथ ने उन्हें सही जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।