खटीमा। इस्लाम नगर में सोमवार रात चाकू और लाठियों से दो भाइयों पर हमला कर दिया गया। जिसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। युवकों की मां की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर सात, इस्लाम नगर निवासी रहीस बानो ने तहरीर देकर बताया सोमवार की रात उसके पुत्रों मो. नावेद और मो. जावेद को वार्ड नंबर 11 निवासी को जावेद उर्फ फूल, निसार और शमशुद्दीन ने अपने घर के पास घेर लिया। उन्होंने एक राय होकर चाकुओं और लाठियों से उसके पुत्रों को मारा पीटा। उसके बड़े पुत्र नावेद की जांघ में चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। छोटे पुत्र जावेद के हाथ परर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी कई नशें कट गईं। दोनोें की चीख पुकार सुनकर आसपड़ोस के लोग एकत्रित हो गए और जब अपने परिवार सहित मौके पर पहुंची तो उसके पुत्रोें ने बताया कि वह बाइक से किराने की दुकान पर सामान लेने गए थे।
जैसे ही बाइक दुकान के पास खड़ी की तो जावेद उर्फ फूल ने गालीगलौज कर दी। उन्होंने गाली देने की वजह जाननी चाही तो वह लात घूसों से मारने पीटने लगा। उसके बाद पड़ोसी भी लाठी डंडों और धारदार हथियार लेकर आ गए। अफरातफरी में दोनों घायलों को खटीमा उप जिला अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। एसएसआई ललित रावल ने बताया कि तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।