रुद्रपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ ऊधमसिंह नगर की ओर से चल रहे अंडर-19 जिला क्रिकेट लीग में फाइनल चैंपियनशिप का खिताब एमिनिटी क्रिकेट अकादमी के नाम रहा। मंगलवार को हुए मैच में एमिनिटी क्रिकेट अकादमी ने 33 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता व उपविजेता टीम को एसोसिएशन के अध्यक्ष ने ट्राॅफी सौंपी।
एमिनिटी अकादमी के खिलाड़ियों ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में दो विकेट गंवाकर 234 रन बटोरे। जिसमें ठाकुर मृत्युंजय प्रताप ने नाबाद 119 रनों की पारी खेली। आदित्य शाह ने भी टीम के लिए बल्लेबाजी करते हुए 43 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मौर्य क्रिकेट अकादमी एमिनिटी के गेंदबाजों के सामने जरा देर भी न टिक सकी और आठ विकेट पर ही 201 रनों पर सिमट गई। मौर्य अकादमी की ओर से मोहम्मद कैफ ने 52 और सचिन सकलानी ने नाबाद 35 रनों का योगदान दिया। एमिनिटी से नीतीश पचौरी व ठाकुर मृत्युंजय प्रताप सिंह ने दो- दो विकेट चटकाए।
मैन ऑफ द मैच मृत्युंजय ठाकुर रहे। मुख्य अतिथि बाजपुर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डीडी जोशी व एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय तिवारी ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मनित किया। इस मौके पर राजेंद्र कुमार, जेपी सिंह, सचिव नूर आलम, पियूष गुप्ता, सुभाष अरोड़ा, आनंद मौर्य आदि मौजूद रहे।