दिनेशपुर। साइबर ठगी के अभियुक्त को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस की टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने घटना में शामिल दो अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर लिया है। दोनों अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। मामले में मुख्य आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बता दें की बीती आठ मई को एक लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में शामिल गांव उदयनगर निवासी भारत सिंह को पकड़ने के लिए हरियाणा के हांसी थाने के एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लिए बिना आरोपी के घर में दबिश दी थी। इस दौरान आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर पुलिस टीम पर हमला किया था और एएसआई प्रेम कुमार पर कार चढ़ाने की कोशिश की थी।
आरोपी एएसआई को चार किलोमीटर तक कार के बोनट पर लटकाकर ले गए थे और बसंतीपुर गांव के पास उन्हें गिराकर भाग गए थे। मामले में हरियाणा पुलिस की तहरीर पर पुलिस ने भारत सिंह सहित सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि विवेचना में केलाखेड़ा के गांव बाजावाला निवासी विरेंद्र सिंह उर्फ हेरी और रम्पुराकाजी निवासी रमन सिंह की घटना में संलिप्तता पाई गई। मंगलवार को दोनों को आनंदखेड़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।