ट्रक लेकर फरार ट्रक चालक की यूपी में आटो लिफ्टर गैंग ने हत्या कर ट्रक को लूट कर ले गए। लुटेरों ने लूटा गया ट्रक नजीमाबाद में किसी को बेच दिया। आईटीआई पुलिस ने चालक की हत्या करने वाले आटो लिफ्टर को हिरासत में ले लिया है।
अगस्त 2015 में शुगर फैक्ट्री कालोनी खड़कपुर निवासी एक व्यक्ति के ट्रक का चालक कुंडा थाना क्षेत्र का था। ट्रक मालिक कुछ दिनों के लिए बाहर गया था। उसके परिजनों ने फोन से सूचना दी कि ट्रक चालक बिना बताए ट्रक लेकर कहीं चला गया है। ट्रक मालिक ने लौट कर पता किया तो ट्रक और चालक का कहीं पता नहीं चला। तब उसने चालक के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई।
आईटीआई पुलिस पांच माह तक खोजबीन करती रही कहीं पता नहीं चला। इस दौरान चालक अपने घर भी नहीं आया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ दिनों पहले मुखबिर ने आईटीआई पुलिस को सूचना दी कि ऑटो लिफ्टर गैंग यूपी में चालक की हत्या कर ट्रक लेकर फरार हो गया है। जबकि चालक के परिजनों को यह मालूम नहीं था कि उसकी हत्या हो गई। आईटीआई पुलिस जांच में जुट गई।
जांच में पुलिस को पता चला कि यूपी में चालक की हत्या कर ट्रक लूटने वाले आटो लिफ्टर गैंग के सदस्य काशीपुर के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो दो युवक पुलिस के हाथ आ गए। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने ट्रक चालक की हत्या कर ट्रक लूटना स्वीकार कर कहा कि उन्होंने ट्रक को नजीबाबाद में बेचा है। ट्रक वहीं खड़ा है। पुलिस ने शनिवार को ही ट्रक के नजीबाबाद में खड़े होने की पुष्टि भी कर ली है। पुलिस अब ट्रक को काशीपुर लाने के प्रयासों में जुटी है।