रुद्रपुर के टांडा जंगल स्थित हाइवे में दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस और ट्रक।
- फोटो : amar ujala
मुरादाबाद से यात्रियों को लेकर हल्द्वानी जा रही यूपी रोडवेज बस की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार 12 यात्री चोटिल हो गए। इनमें से दो यात्रियों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। बस परिचालक ने ट्रक चालक के खिलाफ पंतनगर थाने में तहरीर दी है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस (यूपी 22 टी 6404) रुद्रपुर से यात्रियों को लेकर हल्द्वानी के लिए रवाना हुई थी। बस में 29 सवारियां थीं। बस संजयवन से करीब एक किमी दूर टांडा जंगल में पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे ट्रक (यूके 04 सीबी 2824) ने बस में टक्कर मार दी। हादसे के बाद यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
बस में सवार 12 लोगों को चोटें आईं। दो यात्री बिलासपुर निवासी सारून खां (30) पुत्र अब्दुल वहीद खां और मकरंदपुर दिनेशपुर निवासी रोहन मंडल (20) पुत्र नीतू मंडल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया।
बस चालक धर्मपाल ने मुरादाबाद डिपो के अधिकारियों को हादसे की सूचना दे दी। हादसे के बाद यात्री दूसरे वाहनों से गंतव्य को रवाना हुए। पंतनगर थानाध्यक्ष संजय पाठक ने बस के परिचालक नासिर अली ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।