खटीमा। एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। युवक खटीमा में अपनी बहन के घर आया था। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट के अनुसार युवक अपनी जमीन पर दो युवकों के कब्जे को लेकर परेशान था।
ग्राम पिपरिया गजरौला, पीलीभीत यूपी निवासी हरपाल सिंह (27) पुत्र गुरमेल सिंह एक सप्ताह पूर्व नवदिया खटीमा निवासी अपनी बहन मंदीप कौर के घर आया था। शुक्रवार से वह बहन के घर से भी लापता था। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने जंगल में फांसी के फंदे में लटके एक युवक को देखा। घटनास्थल पर एक बाइक भी खड़ी थी।
सूचना पर पहुंचे सत्रहमील चौकी के एसआई कैलाश सिंह देव ने युवक को नीचे उतारा और शिनाख्त करवाई। पुलिस के मुताबिक मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा हुआ है कि पिपरिया निवासी दो लोगों ने उसकी एक एकड़ भूमि पर धोखाधड़ी से कब्जा कर लिया है। अब ये लोग इस भूमि पर घर बना रहे हैं।
उसके विरोध करने पर ये लोग उसे प्रताड़ित करते हैं। पत्र में यह भी लिखा है कि जिस युवती से मेरी शादी हुई है वह पहले से विवाहित है। उसकी एक 10 वर्षीय पुत्री भी है। इस बात के लिए भी वह दुखी है। इधर, पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट की जांच कराई जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कार्रवाई की जाएगी।