रुद्रपुर। थाने में मारपीट की शिकायत कर घर पहुंचते ही आरोपियों ने दंपती की पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए दंपती ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बाद में अस्पताल पहुंचकर दोनों ने अपना इलाज कराया। पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
वार्ड नंबर पांच ट्रांजिट कैंप निवासी मोहन लाल ने बताया कि एक जुलाई को वे बेटे के साथ मजदूरी के लिए गए थे। घर पर उनकी पत्नी नीतू आठ साल के बेटे के साथ थी। पत्नी ने पड़ोसी से रास्ते से बाइक हटाने के लिए कहा तो उसने मारपीट कर दी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई लेकिन शिकायत दर्ज नहीं हुई। आरोप है कि देर शाम थाने से घर पहुंचते ही उनका पड़ोसी विजय पाल अपने दोस्त रौताश, रिश्तेदार करन सिंह व आकाश कुमार के साथ दोबारा उनके घर पहुंच गया। सभी युवकों ने एक राय होकर उन्हें पीट दिया। जान बचाने के लिए उन्हें खुद को कमरे में बंद करना पड़ा। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। पहली बार शिकायत करने में क्या दिक्कत आई। इस बारे में भी जानकारी ली जाएगी।