पंतनगर विश्वविद्यालय में एमएससी की एक छात्रा की मदद से एक गरीब युवक अपने कूल्हे का प्रत्यारोपण करा पाया। डेरी फार्म में ठेके पर श्रमिक के रूप में कार्यरत फूलदेवी पिछले कई महीने से आर्थिक तंगी से जूझ रही है।
नगला में रहने वाला उसका 22 वर्षीय पुत्र कूल्हे की बीमारी से परेशान था। पुत्र के कूल्हे के आपरेशन के लिए वह धन जुटाने के लिए दर दर की ठोकरें खा रही थी। चोट लग जाने के कारण डाक्टर ने उसे कूल्हे का प्रत्यारोपण करने की सलाह दी थी।
इसमें लगभग डेढ़ लाख रुपये का खर्च बताया था। महिला की समस्या गांधी भवन छात्रावास के वार्डन डॉ मुकेश कर्णवाल को पता चली। उन्होंने छात्रावास में रहने वाली एमएससी मृदा विज्ञान विभाग की छात्रा संजन फुटेला को पूरी बात बताकर छात्रावास में रहने वाली छात्राओं से धन संग्रह कर मदद करने के लिए कहा।
किच्छा की बसंत कॉलोनी निवासी रविंद्र फुटेला की पुत्री संजन ने हॉस्टल, अपने घर और किच्छा के आसपास से चंदे के रूप में सवा लाख रुपये जुटाकर महिला की मदद की। इस धनराशि से उसने अपने पिता की मदद से रुद्रपुर के एक नर्सिंग होम में महिला के पुत्र का इलाज करवाया।
युवक के कूल्हे का सफल प्रत्यारोपण हो गया है। चिकित्सक ने अपनी फीस नहीं ली। इलाज के खर्च में भी छूट दी। संजन के इस प्रयास के लिए पंतनगर विवि के कुलपति डॉ. एके मिश्रा, डीन एग्रीकल्चर डॉ. जे कुमार और वार्डन डॉ. मुकेश कर्णवाल ने संजम को बधाई दी।