काशीपुर। एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल के ट्रामा सेंटर की गैलरी में शुक्रवार रात अचानक आग लग गई। इससे गैलरी में रखा करीब 18 लाख रुपये मूल्य का सामान जल गया। आग से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों को किसी तरह दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शुक्रवार की सुबह कोविड-19 आपदा से संबंधित सामान काशीपुर के अस्पताल पहुंचा था। करीब 20 लाख रुपये मूल्य के इस सामान में पीपीई किट, शू कवर, थ्री प्लाई मास्क और अन्य सामान था। इसमें से अधिकतर सामान ट्रामा सेंटर में रखे थे जबकि आठ नग स्टोर में रखवा दिए गए। शुक्रवार देर रात ट्रामा सेंटर से लगे स्टोर में आग लग गई। अस्पताल के सफाई कर्मी ने आग लगने की जानकारी ड्यूटी पर तैनात डॉ. राजीव गुप्ता को दी। सूचना पर एफएसएसओ गिरीश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रामा सेंटर से 8 मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। गनीमत यह रही कि आग में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीके सिन्हा ने बताया कि इस हादसे में करीब 18 लाख रुपये मूल्य का सामान जला है। लगभग दो लाख रुपये का सामान सुरक्षित बच गया। सूचना पर एसडीएम गौरव कुमार, एएसपी प्रमोद कुमार, सीओ एपी कोंडे, कोतवाल संजय पाठक आदि भी मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने वाली टीम में लीडिंग फायरमैन खीमानंद,चंदन सिंह अनिल, जीवन, विकास और बालम आदि थे।
सीएमओ ने गठित की जांच समिति
काशीपुर। सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में लगी आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के पास कोई सीसीटीवी नहीं है। इस कारण आग लगने का कारण स्पष्ट नही हो सका है। इसकी जांच के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि सामान को लापरवाही से रखवाने के लिए किसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिए सीएमएस की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी गठित की जाएगी।
ढाबे में आग से हजारों की क्षति
सुल्तानपुरपट्टी। ग्राम पिपलिया में हाईवे किनारे एक ढाबे में अचानक आग से हजारों रुपये का सामान जल गया। ढाबे के स्वामी ज्वालापुर निवासी तेजपाल ने बताया कि आग से करीब दस हजार रुपये मूल्य का सामान जल गया है।
आग से नकदी समेत सामान जला
नानकमत्ता। ग्राम पचपेड़ा निवासी सुरेंद्र सिंह ने शनिवार को पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि वह पत्नी धर्मावती देवी के साथ मजदूरी करता है। शुक्रवार को जब मजदूरी कर लौटा तो देखा कि बंद घर में आग लगी हुई है और पड़ोसी ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। जब तक आग पर काबू पाते घर में रखा गेहूं, चावल, रजाई, गद्दे, टीवी सहित सारा सामान और 10 हजार की नकदी जलकर नष्ट हो चुकी थी। उसने एक लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
शॉर्टसर्किट से झोपड़ी में लगी आग
पंतनगर। चारा बैंक के पास एक झोपड़ी में शॉर्टसर्किट से आग लग गई। प्रभारी एफएसओ केदार सिंह ने बताया कि दल बहादुर की झोपड़ी में शनिवार दोपहर आग लगी। दमकल विभाग ने आग पर आधे घंटे बाद काबू पाया। टीम में श्याम प्रकाश, अमित नेगी, दीपक बसेड़ा मौजूद रहे।