काशीपुर बीआरसी में आयोजित बैठक में भाग लेते बीईओ आरएस नेगी।
- फोटो : KASHIPUR
रुद्रपुर/काशीपुर। अटल उत्कृष्ट आदित्यनाथ झा इंटर कॉलेज के सभागार में सोमवार को रुद्रपुर ब्लॉक के सभी प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं की बैठक हुई। डायट रुद्रपुर के प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने सभी अध्यापकों से 30 जुलाई तक दीक्षा एप में पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने को कहा। उन्होंने बताया कि दीक्षा के माध्यम से छह माह तक ऑनलाइन प्रशिक्षण होना है।
बीईओ मतादीन गौतम की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और अन्य समस्याओं पर चर्चा हुई। बीईओ ने कहा कि पढ़ना-लिखना अभियान के लिए 15 वर्ष से अधिक उम्र के निरक्षर किशोरों को पढ़ाने के साथ ही उन्हें चिन्हित भी किया जा रहा है। वहां पर प्रधानाचार्य केके शर्मा, शीला सरकार, बीरेंद्र सिंह, भरत मिश्रा, पान सिंह रावत, विरेंद्र ध्यानी, जगदीश भट्ट, गौरपद राय आदि थे। इधर, काशीपुर बीआरसी सभागार में बीईओ आरएस नेगी की अध्यक्षता में बैठक हुई। नेगी ने बताया कि यह अभियान वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए लागू किया गया है। इस अभियान के तहत निरक्षर वयस्कों को 2025 तक साक्षर करने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालयों में कार्यरत एक शिक्षक को नोडल नामित किया जाना है। नामित शिक्षक कक्षा 11 एवं 12 के छात्र-छात्राओं और निकटतम क्षेत्र के अध्यापकों का सहयोग लेकर निरक्षरों का सर्वे करेगा। संचालन नोडल अधिकारी प्रौढ़ शिक्षा ममता छाबड़ा ने किया। वहां अनिल चौहान, प्रधानाचार्य डॉ. किरन सिंह, सुरेश सिंह, नीलम शर्मा, आराधना सिंह, अमित बाठला, बबली यादव, युद्धवीर सिंह आदि थे।