काशीपुर। पीठासीन अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण के दूसरे सत्र में 176 अधिकारियों ने एवीएम का प्रशिक्षण और आवश्यक जानकारी ली। डीएम युगल किशोर पंत ने दूसरे सत्र में आवश्यक निर्देश दिए।
उदयराज इंटर कॉलेज प्रेक्षागृह में पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों, सेक्टर नोडल अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेटों को डीईओ बेसिक एके सिंह ,सुशील कुमार, अफसर अली ने प्रशिक्षण दिया। एवीएम प्रशिक्षण देने वालों में आरपी जोशी प्रभारी प्रधानाचार्य आईटीआई काशीपुर, बेसिक प्रोटोकाल प्रशिक्षण देने वालों में डॉ. प्रमेंद्र तिवारी थे। डीएम ने कहा कि मतदान कराने में आप लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए कार्य में सावधानी बरतनी आवश्यक है। मतदान के समय मतदाता पहचान पत्र व दस्तावेजों को भली भांति देख लें। कार्य में निष्पक्षता व मर्यादा का ध्यान रखें।
मतदान केंद्र के 100 मीटर के भीतर किसी प्रकार का प्रचार नहीं होना चाहिए। इसके बाद डीएम ने ईवीएम का निरीक्षण किया। जिन कमरों में ईवीएम रखी जानी हैं उनका भी निरीक्षण किया है। बाद में डीएम ने नगर निगम परिसर में प्रस्तावित दो बूथ का निरीक्षण किया। वहां एसडीएम काशीपुर अभय प्रताप सिंह, एसडीएम जसपुर सीमा विश्वकर्मा, तहसीलदार काशीपुर पूनम पंत, बीडीओ काशीपुर चिंताराम आर्य, सेक्टर मजिस्ट्रेट जसपुर प्रमोद कुमार आदि थे।
द्रोणसागर के सौंदर्यीकरण को शासन ने पांच करोड़ दिए : डीएम
काशीपुर। डीएम ने बताया कि शासन ने ऐतिहासिक तीर्थ द्रोणसागर के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए पांच करोड़ रुपये दिए हैं। उनके स्तर से भी यह पैसा जारी कर दिया गया है। इससे तीर्थ द्रोणसागर को संरक्षित और संवर्धित किया जाएगा। इसमें रुपये की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। इस सांस्कृतिक धरोहर को लेकर प्रशासन गंभीर है। संवाद
ग्लब्ज पहनकर वोट डालेंगे मतदात
सितारगंज। विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए तीन विधानसभाओं के पीठासीन व मतदान अधिकारियों का तीन दिनी प्रशिक्षण शुरू हो गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं आरओ ने पीठासीन व मतदान अधिकारियों को ईवीएम व उनके सैद्धांतिक कार्यों का प्रशिक्षण दिया। मास्टर ट्रेनर हरीश दनाई व संजीव बुधोरी ने मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने की जानकारी दी। मतदाता इस बार बूथ पर ग्लब्ज पहनकर वोट डालने जाएंगे।
रविवार को महाराजा अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट के सभागार में चुनाव के प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के संचालन की जानकारी दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि पीठासीन की जिम्मेदारी है कि चुनाव सही तरीके से संपन्न कराएं। ईवीएम मशीन लेने से पहले उनकी बैटरियां चार्ज हैं कि नहीं, यह चेक कर लें। उन्होंने बताया कि मतदाता इस बार बूथ पर ग्लब्ज पहनकर वोट डालने जाएंगे।
पीठासीन अधिकारी मतदाता को ग्लब्ज देंगे। मास्क पहनना अनिवार्य होगा। बताया कि सोमवार को नानकमत्ता व मंगलवार को खटीमा क्षेत्र के पीठासीन व मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण होगा। वहां आरओ एसडीएम तुषार सैनी, स्वजल के पीडी हिमांशु जोशी, सेक्टर मजिस्ट्रेट इंद्रजीत सिंह चौहान, चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या, जयंत मंडल, हृदेश चौहान, करुणेश जोशी, तापस मिस्त्री, अनुकूल मंडल, विनोद बिष्ट, संजय बिष्ट आदि थे।