रुद्रपुर। तीन दशकों से चल रही अमृतसर के लिए रेल सेवा की मांग अब पूरी हो गई है। हर मंगलवार को लालकुआं से अमृतसर के लिए रेल सेवा शुरू होगी। अगले दिन सुबह अमृतसर से लालकुआं के लिए रेल का संचालन होगा।
शुक्रवार को क्षेत्रीय रेल उपभोगकर्ता परामर्शदात्री समिति पूर्वोत्तर रेलवे भारत सरकार के सदस्य सरदार भूपिंदर सिंह ने बताया कि लालकुआं से अमृतसर के लिए रेल सेवा का पांच मार्च मंगलवार को शुभारंभ होगा। रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद हर मंगलवार को लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस रेल संख्या-15015 लालकुआं से दोपहर 1:40 बजे अमृतसर के लिए चलेगी। 2:13 बजे रुद्रपुर पहुंचकर पांच मिनट के बाद यहां से रवाना होकर 4:07 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी। मुरादाबाद से सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना, जालंधर होते हुए मध्य रात करीब 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी। बुधवार सुबह 5:55 बजे अमृतसर से लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस रेल संख्या-15016 लालकुआं के लिए चलेगी। संवाद
आज से शुरू होगी टिकट बुकिंग
क्षेत्र के लोग करीब तीन दशक से अमृतसर के लिए रेल सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब रेल सेवा चालू होने से यहां के लोगों को अमृतसर आने जाने में सुविधा होगी। शनिवार से अमृतसर के लिए किराया निर्धारित होने के साथ ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी चालू हो जाएगी।