रुद्रपुर। महाशिवरात्रि के अवसर पर लागू किए गए रूट डायवर्जन के बीच रुद्रपुर-किच्छा हाईवे पर शनिवार दोपहर बाद भयंकर जाम की स्थिति पैदा हो गई। हाईवे पर कई किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं जिससे राहगीरों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम का असर शहर के अंदरूनी मार्गों तक दिखाई दिया जहां प्रमुख चौराहों और संपर्क सड़कों पर यातायात रेंगता नजर आया।
प्रशासन की ओर से महाशिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया था ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। दोपहर बाद अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने से व्यवस्था चरमरा गई। हाईवे पर ट्रक, बसें, निजी कारें और दोपहिया वाहन एक साथ फंस गए जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। कई जगह वाहन चालकों ने जल्दी निकलने के प्रयास में लेन तोड़ी जिससे जाम और लंबा लगता चला गया।
जाम में स्कूली वाहन, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और आपात सेवाओं से जुड़े वाहन भी फंसे रहे। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पूर्व सूचना और वैकल्पिक मार्गों के स्पष्ट संकेतक बोर्ड पर्याप्त संख्या में नहीं लगाए गए जिससे बाहरी वाहन सीधे मुख्य मार्ग पर पहुंचते रहे। पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों ने यातायात नियंत्रित करने की कोशिश की लेकिन देर शाम तक रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही।
नागरिकों ने मांग की है कि भविष्य में बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान डायवर्जन की बेहतर योजना, अतिरिक्त ट्रैफिक बल की तैनाती और स्पष्ट मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता और श्रद्धालुओं दोनों को राहत मिल सके।
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी का कहना है कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई है।