रुद्रपुर के किच्छा रोड में लगे जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। किच्छा हाईवे पर तीनपानी तिराहे के पास पुलिया का निर्माण नहीं होने से वहां पर मार्ग संकरा हो गया है। इसके चलते मंगलवार सुबह वहां लंबा जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे तक लगे जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस कर्मियों को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत उठानी पड़ी।
नेशनल हाईवे 74 पर पर तीनपानी के पास एनएच विभाग की ओर से निर्माण कार्य को पूरा नहीं किया गया है। इस कारण तीनपानी से भदईपुरा की ओर हाईवे संकरा सा हो गया है। इससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। मंगलवार को हाईवे पर वाहनों का अचानक दबाव बढ़ने से सड़क के दोनों ओर जाम लग गया।
किच्छा से आने वाले वाहनों को मेडिसिटी अस्पताल से पहले ही रोकना पड़ा। वहीं, रुद्रपुर से किच्छा जाने वाले वाहनों को तीनपानी से पहले रोकना पड़ा। तीनपानी के पास पुलिस कर्मियों की संख्या कम होने से वाहन चालकों ने दोनों ओर से वाहनों को बेतरतीब ढंग से आगे बढ़ा दिया। जाम को खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों को गर्मी में खूब पसीना बहाना पड़ा।
सीओ यातायात बीएस भंडारी ने बताया कि हाईवे का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। एनएच विभाग को जल्द ही पुलिया के निर्माण कार्य पूरा करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जाम से निपटने के लिए तीनपानी के पास डिवाइडर लगा दिए गए हैं। पुलिस कर्मियों की कुंभ ड्यूटी और गैरसैंण सत्र में ड्यूटी लगने से व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने लोगों ने जागरूक और संयम के साथ सड़क पर वाहन चलाने का अनुरोध किया जा रहा है।