रुद्रपुर इंडेन गैस एजेंसी में भूमि का निरीक्षण करते मेयर व अधिकारी
रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू होते ही व्यापारियों के पुनर्वास की कवायद तेज हो गई है। मेयर ने एडीएम पंकज उपाध्याय, सीडीओ दिवेश शाशनी, एसडीएम मनीष कुमार के साथ इंडेन गैस एजेंसी के निकट व्यापारियों के पुनर्वास के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। इसके साथ ही इंडेन गैस एजेंसी को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना के तहत खानपुर और फुलसुंगा क्षेत्र में संभावित भूमि का सर्वे किया गया।
मेयर ने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन की प्राथमिकता सड़क चौड़ीकरण के साथ साथ प्रभावित व्यापारियों का सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करना है। किसी भी व्यापारी को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के अपना कारोबार बंद नहीं करना पड़ेगा और ना ही किसी को सड़क पर आने दिया जाएगा। चौड़ीकरण की जद में नगर निगम की 28 दुकानों सहित बड़ी संख्या में निजी प्रतिष्ठान आ रहे हैं।
पूर्व में व्यापारियों ने सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई कम करने की मांग उठाई थी। इस पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता की थी जिसके बाद सड़क की चौड़ाई में आंशिक संशोधन किया गया। इसके बावजूद कुछ दुकानें परियोजना की जद में आ रही हैं। मेयर ने बताया कि प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए सबसे पहले इंडेन गैस एजेंसी को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसी उद्देश्य से अधिकारियों के साथ खानपुर और फुलसुंगा क्षेत्र में वैकल्पिक भूमि का निरीक्षण किया गया। इनमें से उपयुक्त स्थान का चयन कर गैस एजेंसी को स्थानांतरित किया जाएगा जिसके बाद खाली हुई भूमि पर कॉम्प्लेक्स निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।