नगर पंचायत प्रशासन के पॉलिथीन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर नगर पंचायत कार्यालय में धरना दिया। ईओ के आश्वासन पर व्यापारियों ने धरना समाप्त किया।
अभियान के तहत कई दुकानों से पॉलिथीन जब्त कर उनसे जुर्माना वसूला गया। सोमवार को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने ईओ आरपी बेंजवाल से मुलाकात की। उन्होंने अखबारों में प्रकाशित सीडीओ हिमांशु खुराना के सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान पर रोक संबंधित बयान का हवाला देते हुए नगर में चलाए जा रहे अभियान को रोकने की मांग की।
ईओ ने कोई आदेश जारी न होने की बात कही और अभियान जारी रखा। इससे भड़के व्यापारी बाजार बंद कर पंचायत कार्यालय में धरने पर बैठ गए। उन्होंने संविदा कर्मियों की ओर से दुकानदारों से अवैध वसूली का भी आरोप लगाया।
धरनास्थल पर पहुंचे ईओ और व्यापार मंडल पदाधिकारियों के मध्य वार्ता के बाद ईओ ने अभियान पर रोक लगाने की बात कही। वहां व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष हितेश गुप्ता, बासु मंडल, विपिन डालमिया, राधाकृष्ण अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, जगन अग्रवाल, वीरेन्द्र अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, सूरज दास, कमल लाला, डीएन प्रकाश, पवन अग्रवाल आदि थे।
पॉलिथीन को खुर्दबुर्द करने का आरोप
शक्तिफार्म। व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि माह भर चले अभियान के दौरान पालिका प्रशासन ने एक क्विंटल से अधिक पॉलिथीन जब्त की। नगर पंचायत के माल गोदाम में कुछ ही किलो पॉलिथीन मौजूद है। उन्होंने जब्त पॉलिथीन को खुर्दबुर्द करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
दस जुलाई को कार्यालय में आयोजित व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में एक अगस्त से पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाने निर्णय लिया था और अब व्यापारी ही इसका विरोध करने लगे। फिलहाल अभियान को रोक दिया है। संविदा कर्मियों पर लगे वसूली के आरोपों की जांच की जाएगी। -आरपी बेंजवाल, ईओ।