हाइवे पर खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस से सीएचसी में लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर हंगामा किया। जिससे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार देर शाम सुल्तानपुर पट्टी के गांव पिपलिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करके बाजपुर के वार्ड नंबर 7 मोहल्ला संजय कालोनी निवासी अमन कुमार पुत्र संजय कुमार और उसका साथी शहदाब पुत्र मुस्तफा निवासी मुंडिया पिस्तौर बाइक से घर लौट रहे थे। कि हाइवे स्थित गांव कनौरा में पीछे से खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में अमन कुमार (21) की मौके पर ही मौत हो गई। शहदाब को गंभीर हालत में एंबुलेंस से सीएचसी में लाया गया। आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। सूचना पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।