क्षेत्र में अवैध कालोनियों का निर्माण लगातार बढ़ रहा है। एसडीएम के मातहतों की बैठक लेने पर अवैध कालोनियों की संख्या 27 से बढ़कर 55 होना सामने आया। इस पर एसडीएम ने तहसीलदार को क्षेत्र में अवैध कालोनियों का सर्वे गहनता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे रिपोर्ट फाइनल होने के बाद कालोनाइजरों के खिलाफ नोटिस जारी किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि बीती 26 दिसंबर को एसडीएम एपी बाजपेयी ने क्षेत्र में निर्माणाधीन कालोनियों का निरीक्षण किया था। जिसमें करीब 27 कालोनी अवैध रूप से बनते पाई थी। एसडीएम बाजपेयी के निर्देश पर तहसीलदार आरसी गौतम ने अवैध कालोनियों के खिलाफ अभियान चलाया था और पांच जनवरी को तहसीलदार गौतम ने राजस्व टीम के साथ बमनपुरी गांव में राजेश सिंह और धन्नो देवी के नाम से जारी वर्ग एक ख के पट्टे की जमीन पर खसरा नंबर 68 के रकवा 0.462 और खसरा नंबर 69 के रकवा 0.076 हेक्टेयर में बन रही कालोनी से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान कालोनी में छह पक्के मकान बने मिले और 36 प्लाटों की बुनियादें भरी हुई पाई गई। जिसके बाद एसडीएम बाजपेयी ने तहसीलदार को क्षेत्र में अवैध कालोनियों का सर्वे कराकर रिपोर्ट देने को कहा था।
बुधवार को एसडीएम बाजपेयी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध कालोनियों की सर्वे रिपोर्ट की प्रगति जानी। तहसीलदार आरसी गौतम ने बताया कि अब तक की सर्वे रिपोर्ट में करीब 55 कालोनियां अवैध रूप से बनते हुए मिली हैं। जिनका निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। इस पर एसडीएम ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कालोनियों का सर्वे गहनता से किया जाए। डीएम की ओर से अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) भी गठित की गई है। अगर, सर्वे रिपोर्ट में कमी मिली तो एसआईटी की ओर से कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि सर्वे के बाद अवैध कालोनी बनाने वाले कालोनाइजरों के खिलाफ नोटिस जारी किए जाएंगे।